सरस्वती साइकिलों से बढ़ेंगे बेटियों के हौसले, सलखन की छात्राओं को मिली नई रफ्तार
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलखन में कक्षा 9वीं की सभी छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ समारोह

सरस्वती साइकिलों से बढ़ेंगे बेटियों के हौसले, सलखन की छात्राओं को मिली नई रफ्तार
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलखन में कक्षा 9वीं की सभी छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ समारोह
जांजगीर-चाम्पा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत रविवार 24 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलखन में साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत समस्त छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिल प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, उन्हें विद्यालय आने-जाने के लिए सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में ड्रॉप-आउट दर को कम करना है। योजना के तहत साइकिल मिलने से छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
साइकिल वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं खाद्य आयोग सदस्य ज्योति किशन कश्यप उपस्थित रहीं। विशेष अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य नेहा रामचरण साहू, सरपंच सलखन रामकृष्ण कश्यप, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामफल कश्यप, शाला प्रबंधन समिति सदस्य रवि कुमार कश्यप एवं लक्ष्मी जोशी शामिल रहे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, नागरिक, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी में छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने साइकिल वितरण योजना को बालिका शिक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने का आग्रह किया।




