दशगात्र भोज के बाद बिगड़ी 10 लोगों की तबीयत, उपचार के बाद सभी स्वस्थ होकर घर लौटे
राहौद में भोजन के बाद अचानक अस्वस्थ हुए लोगों को कराया गया भर्ती, दो को पामगढ़ रेफर किया गया था; होटल और पानी की जांच के निर्देश

दशगात्र भोज के बाद बिगड़ी 10 लोगों की तबीयत, उपचार के बाद सभी स्वस्थ होकर घर लौटे
राहौद में भोजन के बाद अचानक अस्वस्थ हुए लोगों को कराया गया भर्ती, दो को पामगढ़ रेफर किया गया था; होटल और पानी की जांच के निर्देश
जांजगीर-चांपा। राहौद में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद अस्वस्थ हुए सभी 10 लोगों की स्थिति अब सामान्य है। चिकित्सकीय उपचार के बाद सभी प्रभावितों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना के बाद प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक जांच व एहतियाती कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, राहौद में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सभी प्रभावितों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राहौद में भर्ती कराया गया। इनमें से दो लोगों की स्थिति अधिक खराब होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पामगढ़ रेफर किया गया था।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ आर. के. तम्बोली ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद 21 अगस्त को विकासखंड चिकित्सा अधिकारी पामगढ़ और तहसीलदार राहौद अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने वहां भर्ती प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया तथा चिकित्सकों से उपचार के संबंध में जानकारी ली।
चिकित्सकों द्वारा सभी प्रभावितों का आवश्यक उपचार किया गया। उपचार के बाद सभी लोगों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और उनकी स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वर्तमान में सभी प्रभावित लोगों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना के बाद अधिकारियों ने प्रभावित परिवार के निवास स्थल का भी निरीक्षण किया। वहीं, भोजन की व्यवस्था से जुड़े संबंधित होटल में आवश्यक जांच के लिए खाद्य निरीक्षक पामगढ़ को निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन कर पानी को कीटाणुरहित करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए गए हैं।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक जांच एवं एहतियाती कार्रवाई की जा रही है। सभी प्रभावितों के स्वस्थ होने और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद राहत की स्थिति है।




